TET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को नियमित करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
नसीराबाद। TET उत्तीर्ण शिक्षामित्र उत्थान समिति ने शिक्षामित्रों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा है। समिति ने शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि सहित कई महत्वपूर्ण मांगें सरकार के सामने रखी हैं।
समिति के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुमार और उपाध्यक्ष जयकरन ने सलेम विधायक अशोक कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश में करीब 50 हजार शिक्षामित्र कार्यरत हैं। इनमें बड़ी संख्या में शिक्षामित्र बीटीसी/डीएलएड के साथ TET और CTET उत्तीर्ण हैं।
समिति का कहना है कि TET उत्तीर्ण शिक्षामित्र NCTE के निर्धारित मानकों के अनुसार शिक्षक बनने की योग्यता रखते हैं। ऐसे में उनके अनुभव और शैक्षिक योग्यता को ध्यान में रखते हुए उन्हें नियमित शिक्षक बनाए जाने की मांग की गई है।
भर्ती में 50 प्रतिशत सीटों पर आरक्षण की मांग
समिति ने शिक्षक भर्ती में TET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की मांग भी उठाई है। समिति का कहना है कि इससे लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सेवा दे रहे योग्य शिक्षामित्रों को शिक्षक भर्ती में उचित अवसर मिल सकेगा।
इसके अलावा नॉन-TET शिक्षामित्रों को उनके कार्यानुभव के आधार पर 12 माह का मानदेय दिए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई है।
समिति ने प्रदेश सरकार से शिक्षामित्रों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द उचित निर्णय लेने की अपील की है। समिति का कहना है कि सरकार के सकारात्मक निर्णय से हजारों शिक्षामित्रों को बड़ी राहत मिल सकती है।