छुट्टी कैंसिल🤔🤔: कल खुलेंगे सभी स्कूल, होगा वृक्षारोपण का कार्य, BSA साहब का आदेश जारी
आजमगढ़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आजमगढ़ ने 12 जुलाई 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के सफल आयोजन के लिए जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, 12 जुलाई को जनपद के सभी परिषदीय विद्यालय खुले रहेंगे और सभी शिक्षकों, छात्रों तथा संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आजमगढ़ की ओर से जारी पत्रांक 7766-71/2026-27 दिनांक 10 जुलाई 2026 में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में 12 जुलाई को वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
सुबह 7 बजे से विद्यालय में रहना होगा उपस्थित
आदेश के अनुसार, सभी विद्यालयों में 12 जुलाई 2026 को प्रातः 7 बजे से सायंकाल तक शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान विद्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ-साथ अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाएंगी। साथ ही लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग का कार्य भी उसी दिन पूरा कराया जाएगा।
हर घंटे भेजनी होगी प्रगति रिपोर्ट
बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि वृक्षारोपण कार्यक्रम की प्रत्येक एक घंटे की प्रगति रिपोर्ट वन विभाग एवं अधोहस्ताक्षरी कार्यालय को ई-मेल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से अनिवार्य रूप से भेजी जाएगी। इसके लिए आवश्यक आईडी, पासवर्ड और विस्तृत गाइडलाइन पहले ही विद्यालयों को उपलब्ध कराई जा चुकी है।
विद्यालय बंद मिलने पर होगी कार्रवाई
जारी आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 12 जुलाई को कोई विद्यालय बंद पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समयबद्ध तरीके से आदेश का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
इन अधिकारियों को भेजी गई आदेश की प्रति
बीएसए कार्यालय की ओर से आदेश की प्रतिलिपि निम्न अधिकारियों को भी भेजी गई है—
जिलाधिकारी, आजमगढ़
मुख्य विकास अधिकारी, आजमगढ़
प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, आजमगढ़
सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), आजमगढ़ मंडल
समस्त प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक एवं संबंधित कार्मिक
बीएसए ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों से शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
