UP NEWS : 75 जिलों में 375 मास्टर ट्रेनर्स संभालेंगे बालवाटिकाओं की कमान, शिक्षकों को देंगे विशेष प्रशिक्षण
75 जिलों में 375 मास्टर ट्रेनर्स संभालेंगे बालवाटिकाओं की कमान, शिक्षकों को देंगे विशेष प्रशिक्षण
लखनऊ: प्रदेश की बालवाटिकाओं में खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 375 ECCE (Early Childhood Care and Education) कोर ग्रुप सदस्यों एवं मास्टर ट्रेनर्स को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया है।
राजधानी लखनऊ स्थित दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में 31 जुलाई तक आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षित हुए मास्टर ट्रेनर्स अब जिला और ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। इसका उद्देश्य बालवाटिका कक्षाओं में खेल-आधारित, गतिविधि-आधारित और बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धति को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों और नवाचारों को बालवाटिका कक्षाओं में प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि छोटे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। बेसिक शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से प्रदेश की बालवाटिकाओं में शिक्षण व्यवस्था और मजबूत होगी तथा बच्चों के समग्र विकास के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार होगा।