11 अगस्त को स्कूल-कॉलेज बंद, कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि के चलते अवकाश घोषित
जिलाधिकारी सहारनपुर द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में 11 अगस्त 2026 को जनपद के सभी संबंधित विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भौतिक रूप से अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विद्यालयों को ऑनलाइन शैक्षणिक कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहारनपुर (कुं० कोमल) द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, जिलाधिकारी सहारनपुर द्वारा 10 अगस्त 2026 को जनपद सहारनपुर में कांवड़ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं के आगमन, कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने एवं 11 अगस्त 2026 को सावन शिवरात्रि का पावन पर्व होने के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा कांवड़ मार्ग प्रभावित न हो, को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि जनपद के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, माध्यमिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड, मदरसा बोर्ड एवं अन्य बोर्ड द्वारा संचालित विद्यालयों, साथ ही डिग्री कॉलेजों एवं तकनीकी शैक्षणिक संस्थाओं में 11 अगस्त 2026 को भौतिक रूप से अवकाश घोषित किया गया है।
ऑनलाइन पढ़ाई कराने के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में 11 अगस्त 2026 को प्रधानाचार्य, डायट, समस्त प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय प्रबंधक तथा संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों का शैक्षणिक कार्य यथासंभव ऑनलाइन कराने का कष्ट करें।
किन संस्थानों पर लागू होगा आदेश?
यह आदेश निम्न संस्थानों पर लागू होगा—
परिषदीय विद्यालय
सहायता प्राप्त विद्यालय
राजकीय विद्यालय
अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय
माध्यमिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त विद्यालय
वित्तविहीन विद्यालय
सीबीएसई एवं आईसीएसई विद्यालय
संस्कृत बोर्ड एवं मदरसा बोर्ड से संचालित संस्थान
अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालय
डिग्री कॉलेज
तकनीकी शैक्षणिक संस्थान
संबंधित अधिकारियों को भेजी गई आदेश की प्रति
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। इनमें महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश लखनऊ, जिलाधिकारी सहारनपुर, मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर, संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर मंडल, सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) सहारनपुर मंडल, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सहारनपुर, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी सहारनपुर तथा खंड शिक्षा अधिकारी जनपद सहारनपुर शामिल हैं।
साथ ही जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी को उक्त विज्ञप्ति/आदेश को जनपद के सम्मानित दैनिक समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में जनहित में निःशुल्क प्रकाशित कराने का अनुरोध किया गया है।
आदेश जारीकर्ता:
(कुं० कोमल)
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहारनपुर