परिषदीय स्कूलों में सफाई कर्मियों की गैरहाजिरी पर सख्ती, जारी हुआ पत्र

परिषदीय स्कूलों में सफाई कर्मियों की गैरहाजिरी पर सख्ती, जारी हुआ पत्र

उन्नाव। जिले के परिषदीय विद्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने गंभीरता दिखाई है। विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान कई जगह भौतिक परिवेश गंदा मिलने और सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने की शिकायतों के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

महीने में एक-दो बार आते हैं सफाई कर्मी

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान अक्सर विद्यालय परिसर का भौतिक परिवेश गंदा पाया जाता है। शिक्षकों द्वारा बताया जाता है कि विद्यालयों की साफ-सफाई के लिए नियुक्त सफाई कर्मी नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते हैं। कई स्थानों पर सफाई कर्मियों के महीने में केवल एक-दो बार आने की बात सामने आई है।

बारिश में बढ़ा गंदगी और जलभराव का खतरा

पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में वर्षा ऋतु को देखते हुए विद्यालयों में साफ-सफाई के अभाव से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। साथ ही घास और झाड़ियां उगने के कारण जीव-जंतुओं तथा जलजनित रोगों का खतरा भी बना रहता है। विद्यालय की छतों पर बारिश का पानी रुकने से भवन में सीलन आने की समस्या भी हो सकती है।

सभी विद्यालयों में नियमित सफाई कर्मियों की उपस्थिति पर जोर

छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी से जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों में सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।

कई अधिकारियों को भेजी गई पत्र की प्रतिलिपि

इस मामले में पत्र की प्रतिलिपि महानिदेशक, स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश लखनऊ, जिलाधिकारी उन्नाव, मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव, सभी नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों, समस्त खंड विकास अधिकारियों और समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को भी भेजी गई है।

Leave a Comment

➜ ग्रुप में जुड़ें