ऑनलाइन हाजिरी पर बेसिक शिक्षा विभाग सख्त, अब रोज निगरानी करेंगे बीईओ 

ऑनलाइन हाजिरी पर बेसिक शिक्षा विभाग सख्त, अब रोज निगरानी करेंगे बीईओ 

सहारनपुर। परिषदीय विद्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी की धीमी प्रगति को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने निगरानी व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अब जिले के सभी 1,438 परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की डिजिटल उपस्थिति की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को नियमित निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं।

विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में अब तक केवल करीब 5 प्रतिशत विद्यालयों में ही ऑनलाइन हाजिरी दर्ज हो रही है। इस स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रत्येक विद्यालय की डिजिटल उपस्थिति पर रोजाना नजर रखने का निर्णय लिया गया है।निर्देशों के तहत जिन विद्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं होगी, उनकी अलग से सूची तैयार की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रतिदिन समीक्षा कर अपनी प्रगति रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजनी होगी, ताकि व्यवस्था में सुधार की लगातार निगरानी की जा सके।

बेसिक शिक्षा विभाग का मानना है कि नियमित समीक्षा और जवाबदेही तय होने से ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली में तेजी आएगी और सभी विद्यालय समय पर डिजिटल उपस्थिति दर्ज करेंगे। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रत्येक विद्यालय को निर्धारित समय पर ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करनी होगी। यदि किसी विद्यालय की ओर से लगातार लापरवाही बरती जाती है, तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।

Leave a Comment