UP में चीनी के दाम गिरे! ₹3 तक सस्ती हुई चीनी, CM योगी ने बताया पूरा सच
उत्तर प्रदेश में बढ़ती चीनी की कीमतों को लेकर राहत की खबर सामने आई है। सरकारी सख्ती, बढ़ी हुई निगरानी और निर्यात नियमों में ढील के बाद प्रदेश के बाजार में चीनी के भाव नीचे आने लगे हैं। थोक बाजार में कीमतों में करीब 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई है, जिसका असर फुटकर बाजार में भी दिखाई देने लगा है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों पहले जिन मिलों में चीनी करीब 5,100 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बिक रही थी, वहां कीमत घटकर लगभग 4,800 रुपये प्रति क्विंटल तक आ गई। यानी थोक भाव में करीब 2–3 रुपये प्रति किलो की कमी हुई है।
कालाबाजारी पर सरकार की सख्ती
चीनी की कीमतों में तेजी के पीछे बढ़ी मांग के साथ-साथ कालाबाजारी और बिचौलियों की भूमिका भी सामने आई। महाराष्ट्र और कोलकाता के बड़े स्टॉकिस्टों व डीलरों द्वारा यूपी से बड़ी मात्रा में चीनी खरीदने के बाद बाजार में मांग अचानक बढ़ गई थी। इसके बाद यूपी सरकार ने चीनी मिलों और स्टॉकिस्टों के यहां जांच अभियान शुरू किया। सरकारी कार्रवाई के बाद बाजार में तेजी पर कुछ हद तक लगाम लगी है।
यूपी में पर्याप्त चीनी का स्टॉक
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के अनुसार, प्रदेश की चीनी मिलों में करीब 180 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक उपलब्ध है। विभाग के मुताबिक प्रदेश में हर महीने लगभग 40 लाख क्विंटल चीनी की खपत होती है। ऐसे में नए पेराई सत्र तक प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर कमी नहीं होने का दावा किया गया है।
सीएम योगी ने दोहराया—चीनी की कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यूपी में चीनी की कोई कमी नहीं है और प्रदेश 140 करोड़ देशवासियों का पेट भरने की क्षमता रखता है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में करीब 28 लाख टन चीनी उपलब्ध है, जो लगभग सात महीने की जरूरत के बराबर है। वहीं, चीनी मिलों का नया पेराई सत्र शुरू होने के बाद उत्पादन में और बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है।