UP Rain Today: आज पूरे यूपी में बरसेगा मॉनसून, इन 7 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
यूपी में मंगलवार 28 जुलाई को मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की बहुत संभावना है. कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि अनेक इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाला मानसूनी प्रवाह मजबूत होने और प्रदेश के ऊपर बने मौसमीय सिस्टम के कारण मानसून की गतिविधियां बढ़ी हैं. इसी वजह से आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का सबसे ज्यादा खतरा
IMD के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार 28 जुलाई से 29 जुलाई सुबह तक सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना सबसे अधिक है. इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, लखीमपुर खीरी, शामली, मेरठ, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों के आसपास के इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों में बादल गरजने और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ वज्रपात की संभावना है।
पूरे प्रदेश में बारिश का व्यापक असर
IMD ने अपने दैनिक वर्षा पूर्वानुमान में कहा है कि 28 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों संभागों में लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है. मौसम विभाग ने दोनों क्षेत्रों के लिए कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है. मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
भारी बारिश से क्या हो सकता है असर
IMD के अनुसार भारी से बहुत भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदियों और जलाशयों के जलस्तर में अचानक वृद्धि, कच्चे और अस्थायी ढांचों को नुकसान, बिजली और पानी जैसी नगर सेवाओं में स्थानीय व्यवधान तथा सड़क, रेल और जल परिवहन प्रभावित हो सकते हैं. जलमग्न सड़कों और कम दृश्यता के कारण आवागमन में भी दिक्कत आ सकती है. बागवानी और कृषि फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से निचले और बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहने, जलमग्न सड़कों को पार करने से बचने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने, बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित भवनों में रहने और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी है. वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने तथा नदी-नालों और जलाशयों के पास नहीं जाने की भी अपील की गई है।