UP Weather Today: यूपी में मानसून हुआ सक्रिय, आज 33 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, जानें मौसम विभाग का ताजा अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बीते दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं सोमवार को भी पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।
पूर्वांचल में जमकर बरसे बादल, गोरखपुर रहा सबसे आगे
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक 141.6 मिमी बारिश गोरखपुर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मिर्जापुर में 80 मिमी, लखीमपुर खीरी में 70.4 मिमी, वाराणसी में 64 मिमी और सुल्तानपुर में 58 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
लगातार बारिश के कारण पूर्वी यूपी के कई इलाकों में तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है।
लखनऊ का मौसम कैसा रहेगा?
आईएमडी के अनुसार, रविवार को राजधानी लखनऊ में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
19 से 21 जुलाई तक रहेगा मानसून का असर
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 19 से 21 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश में मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए तराई क्षेत्र के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 23 जिलों में भारी बारिश और 45 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका व्यक्त की गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने महराजगंज, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सीतापुर, बरेली और पीलीभीत सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट
इसके अलावा गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, संत कबीर नगर, गाजीपुर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी, हरदोई, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, बदायूं और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मेघगर्जन या आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।