बड़ी खबर: इन शिक्षकों की लगेगी आनलाईन हाज़िरी? शासन की तरफ से आर्डर जारी
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में संचालित सभी माध्यमिक विद्यालयों के लिए छात्रों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की ऑनलाइन दैनिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के संबंध में नया निर्देश जारी किया है। इस संबंध में परिषद के अपर सचिव (प्रशासन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को पत्र भेजा है।
ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के दिए निर्देश
जारी पत्र के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित सभी विद्यालयों में छात्रों, शिक्षकों तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अब वेब पोर्टल/मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज कराई जाएगी।
परिषद ने बताया कि इससे पहले भी पत्रांक मा०शि०प०/सिस्टम सेल/1744 दिनांक 31 मार्च 2026 के माध्यम से प्रवेश, पंजीकरण एवं ऑनलाइन उपस्थिति से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इसके अलावा पत्रांक 79 दिनांक 3 जुलाई 2026 में भी विद्यालय निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन उपस्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए थे।
कई विद्यालय अभी भी नहीं कर रहे अनुपालन
परिषद ने पत्र में कहा है कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद जिला स्तर पर प्रभावी निगरानी नहीं होने के कारण सभी विद्यालयों द्वारा ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही है।
इसे गंभीरता से लेते हुए परिषद ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों की नियमित निगरानी करें और 100 प्रतिशत विद्यालयों में प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
किन अधिकारियों को भेजी गई पत्र की प्रति
इस आदेश की प्रतिलिपि निम्न अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है—
शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) एवं सभापति, माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, शिविर कार्यालय, 18 पार्क रोड, लखनऊ।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, समस्त मंडल, उत्तर प्रदेश।
अपर सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ, बरेली, वाराणसी, प्रयागराज एवं गोरखपुर।
इन सभी अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था का सतत अनुश्रवण एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है।
पत्र का मुख्य विवरण
पत्रांक: मा०शि०प०/सिस्टम सेल/502/2026-27
दिनांक: 08 जुलाई 2026
विषय: शैक्षिक सत्र 2026-27 में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की ऑनलाइन दैनिक उपस्थिति के संबंध में।
