बड़ी खबर: शिक्षामित्रों को लेकर आया बीएसए साहब का बड़ा व महत्वपूर्ण आदेश जानिए क्या कहा गया है इसमें??
गोरखपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) गोरखपुर ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को शिक्षामित्रों के स्थानान्तरण/समायोजन के संबंध में आवश्यक पत्रावली उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश में कहा गया है कि शिक्षा निदेशक (बेसिक) के पत्र तथा शासन द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में शिक्षामित्रों के स्थानान्तरण/समायोजन की प्रक्रिया पूरी की जानी है। शासन के निर्देशों के अनुसार इस कार्यवाही के लिए आवश्यक अभिलेख निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
मूल विद्यालय में जाने के इच्छुक शिक्षामित्रों की पत्रावली उपलब्ध कराएं
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने विकासखंड के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में कार्यरत ऐसे शिक्षामित्र, जो अपने मूल विद्यालय पर वापस जाना चाहते हैं, तथा जिनकी पूर्व में निर्धारित प्रारूप पर सूचना कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है, उनकी पत्रावली दो-दो सेट में तैयार कराकर उपलब्ध कराई जाए।
आदेश में यह भी कहा गया है कि 183 शिक्षामित्रों की पत्रावली अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। संबंधित शिक्षामित्र स्वयं निर्धारित प्रारूप के अनुसार आवश्यक दस्तावेज तैयार कर कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।
पत्रावली के साथ लगाए जाने वाले आवश्यक दस्तावेज
शिक्षामित्रों को निम्नलिखित दस्तावेज पत्रावली के साथ संलग्न करने होंगे—
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- नियुक्ति पत्र
- प्रस्ताव की प्रति
- शिक्षामित्र पद पर चयन सूची की प्रति
- विद्यालय में कार्यभार ग्रहण प्रमाण पत्र
- जाति/निवास प्रमाण पत्र
- फोटो
- विवाह प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र/कुटुंब रजिस्टर की छायाप्रति
- फोटोग्राफ सहित नोटरी शपथ पत्र, जिसमें यह उल्लेख हो कि संबंधित अभ्यर्थी अपने मूल विद्यालय में जाना चाहता है तथा उसके विरुद्ध किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित या प्रचलित नहीं है।
संबंधित अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि
इस आदेश की प्रतिलिपि सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए निम्न अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है—
- महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ
- सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज
- जिलाधिकारी, गोरखपुर
- सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), सप्तम मंडल, गोरखपुर
