BSA  ने निरीक्षण कर बच्चों की प्रतिभा सराही, विज्ञान परीक्षा में छात्रों के जवाब सुन हुए प्रभावित

BSA  ने निरीक्षण कर बच्चों की प्रतिभा सराही, विज्ञान परीक्षा में छात्रों के जवाब सुन हुए प्रभावित

बरेली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने बृहस्पतिवार को बरेली ब्लॉक के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय नवाबगंज एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय उमरसिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल और व्यवस्थाएं काफी सकारात्मक पाई गईं। निरीक्षण के समय विद्यालयों में विज्ञान विषय की सत्र परीक्षा संचालित हो रही थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद बीएसए ने बच्चों से विज्ञान विषय से जुड़े प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए। बच्चों की विषय संबंधी समझ और आत्मविश्वास देखकर बीएसए ने उनकी प्रतिभा की सराहना की। इसके बाद बीएसए ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों को स्वयं विज्ञान विषय पढ़ाया। उन्होंने टीएलएम और विज्ञान किट के माध्यम से बच्चों को विषय की बारीकियां समझाईं। साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से इन शिक्षण संसाधनों का उपयोग करें और बच्चों को गतिविधि आधारित तरीके से पढ़ाएं।

बीएसए ने शिक्षकों को यह भी निर्देश दिया कि विद्यालयों में शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से नियमित संवाद किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की उपस्थिति और सीखने के स्तर में सुधार के लिए विद्यालय स्तर पर लगातार प्रयास किए जाने चाहिए। गौरतलब है कि विद्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान बच्चों से पाठ्यक्रम आधारित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षिक स्तर का आकलन करना शिक्षा अधिकारियों की निगरानी प्रक्रिया का हिस्सा है।

 

Leave a Comment

➜ ग्रुप में जुड़ें